पालमपुर - पूर्व सैनिक लीग पालमपुर समान रैंक, समान पेंशन योजना को लेकर 12 जून को केंद्र व प्रदेश सरकार के विरुद्ध विशाल विरोध रैली का आयोजन करेगी। लीग के प्रवक्ता कुलदीप राणा ने बताया कि इसकी तैयारियों को लेकर लीग के अध्यक्ष सीडी सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में श्री गुलेरिया ने बताया कि 12 जून को बाजार से होते हुए मिनी सचिवालय में एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा, वहीं एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री आदि को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन योजना को लागू न करने से लाखों पूर्व सैनिकों को आर्थिक नुकसान सहना पड़ रहा है। यहां तक कि सरकारों ने रोजगार के लिए 15 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है, मगर उसमें भी मात्र 10 प्रतिशत को ही आरक्षण की सुविधा मिलती है। आजादी के बाद पूर्व कनिष्ठ सैनिकों के साथ सरकारों ने अन्याय किया है तथा दूसरे दर्जे का नागरिक रखकर अन्य के बराबर आज दिन तक हक प्राप्त नहीं हो रहे हैं। श्री गुलेरिया ने पूर्व सैनिकों से अनुरोध किया कि इस रैली में अपने हकों की लड़ाई में आगे आएं।