गुडग़ांव - चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मूलरूप से राजस्थान के दौसा निवासी राजेश अपने साथियों के साथ गुडग़ांव में घरों की रैकी पर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पिछले कई महीनों से सामने आ रही वारदातों की जानकारी के बाद 3 जून को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की क्राइम यूनिट ने शातिर चोर राजेश को सोहना रोड से गिरफ्तार किया था।
इस गिरोह के अन्य साथियों की पहचान के लिए सीआईए ने आरोपी को चार दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में उसके राजस्थान के अजमेर और बीकानेर से जुड़े कनेक्शन के बाद क्राइम ब्रांच टीम निशानदेही के लिए ले गई थी। शनिवार देर शाम को यहां से लौटते वक्त सीआईए की गाड़ी में आरोपी ने जोर-जोर से सिर मारना शुरू कर दिया।
गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मी भांप गए कि वह आत्महत्या का प्रयास कर रहा है। पुलिसकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोका लेकिन तब तक वह खुद को काफी नुकसान पहुंचा चुका था फिर भी पुलिस वालों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोक लिया और उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया गया।