रेवाड़ी - शनिवार की रात को रेवाड़ी-महेन्द्रगढ़ रोड स्थित गांव सीहा बस स्टैंड पर लगे पीएनबी बैंक के एटीएम बूथ से चोर मशीन को ही उठा ले गए। इस मशीन में 2.64 लाख रुपये रखे हुए थे। एटीएम उखाड़ कर ले जाने का पता रविवार की सुबह उस समय लगा जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। इसी सूचना तत्काल डहीना पुलिस को दे दी गई और फिंगर एक्सपर्ट व एटीएम मशीन लगाने वाली कम्पनी को सूचित किया गया।
समाचार के अनुसार थाना खोल क्षेत्र के गांव सीहा बस स्टैंड पर पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम बूथ लगा हुआ है, जो फिलहाल चालू हालत में था और लाखों रुपये उसमें डाले हुए थे। शनिवार की रात अज्ञात बदमाश वाहन में सवार होकर आये और एटीएम बूथ के ताले तोड़ कर मशीन को उखाड़ कर ले गये। मौके पर पहुंचे एजीसी कम्पनी के कोआर्डिनेटर ने बताया कि एटीएम मशीन में 2 जून को ही रुपये डाले थे और फिलहाल मशीन में 2.64 लाख के करीब रुपये थे। उन्होंने बताया कि एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मशीन में ही थी, जो चोर ले गये। मौके पर पहुंचे खोल थाना के एसएचओ पवन कुमार ने बताया कि एटीएम में कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था। सीहा बस स्टैंड पर एटीएम से छेड़छाड़ की घटना पहले भी हो चुकी है। दुकानदारों ने बताया कि 6 माह पूर्व इसी एटीएम के ताले तोड़े गये थे। उस समय तो चोर इसे उखाडऩे में नाकाम रहे, लेकिन शनिवार की रात को बिना किसी भय के आराम से मशीन को ले गये।