शिमला - मणिपुर के चन्देल जिले में एक आत्मघाती हमले में शहीद हुए प्रदेश के सात सपूतों को आज हजारों नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गयी। इस मौके पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री धनी राम शांडिल आज सिरमौर जिले की पांवटा तहसील के मानपुरा-देवड़ा में सिपाही सोहन सिंह के दाह संस्कार में सम्मिलित हुए।
शांडिल सोहन सिंह के पार्थिव शरीर के साथ उनके गांव मानपुरा तक पहुंचे। शांडिल ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।इसके उपरान्त, सैनिक कल्याण मंत्री सिरमौर जिले की उप-तहसील हरीपुरधार के गांव डकासना में नायक अशोक कुमार के घर भी गए और उनके परिजनों को सांत्वना दी। हिमाचल सरकार की ओर से डा. शांडिल हिमाचल के जवानों के पार्थिव शरीर लेने के लिये शनिवार को चंडीगढ़ हवाई अड्डे पहुंचे थे।
पद्धर की ग्राम पंचायत सियूण के कटोच गांव के शहीद हवलदार प्रकाश चंद (37) और द्रंग के मसेरन गांव के शहीद नायक मनोज कुमार (30) का आज सुबह राजकीय एवं सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। सेना की ओर सैन्य टुकड़ीं ने दोनों शहीदों को सलामी दी। दोनों शहीदों को उनके लडक़ों ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर सगे संबंधियों के अलावा आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
मंडी जिला के तीसरे शहीद लड़भडोल के गांव पटणू के शहीद सिपाही विकास भारद्वाज का भी आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग वीर शहीद के अंतिम दर्शन के लिए जमा हुए और उन्हें नमन करते हुए अंतिम विदाई दी।
मणिपुर में आतंकी हमले मेंशहीद हुए जिले के हीरापुर गांव के हवलदार राजेश कुमार का उनके पैतृक गांव मेंपूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। मणिपुर में उग्रवादी हमले में शहीद हुए जिला कांगड़ा के गरली के मूंही गांव के शहीद रजनीश को अंतिम विदाई देने के लिए कालेश्वर महादेव के किनारे स्थानीय ग्रामीणों व लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहीद रजनीश कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। रविवार को उनके बड़े बेटे सूजन (11) ने मुखाग्नि दी। सेना की टुकड़ी ने शहीद को दी।
मणिपुर में उग्रवादी हमले में शहीद सिपाही मनजीत सिंह की अंत्येष्टि उनके पैतृक गांव अखवाना में पूर्ण सैनिक और राजकीय सम्मान के साथ आज की गई। डोगरा रेजिमेंट के अधिकारी और जवान सैन्य वाहन में राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा शहीद का पार्थिव शरीर अंत्येष्टि स्थल तक लाए। मनजीत के भाई संदीप सिंह ने मुखाग्नि दी।
मणिपुर में सेना के काफिले पर आंतकवादी हमले में शहीद हुए हिमाचल के सात जवानों को आज प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि दी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए इन वीर सपूतों ने जो बलिदान दिया है इससे उनके परिवार का ही नहीं बल्कि देश व प्रदेश का सिर भी ऊंचा हुआ है। आतंकी हमले में शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के सात वीरों के परिवारों को हिमाचल प्रदेश सरकार पांच-पांच लाख रुपए की सहायता राशि देगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज इस आर्थिक मदद का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हमले में आहत सभी सातों सैनिकों के परिजनों को हर सम्भव सहायता प्रदान करेगी।