चंडीगढ़, 19 फरवरी - चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केन्द्र में 12 से 18 मार्च तक फल एवं सब्जी प्रसंस्करण पर प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए 2 मार्च तक आवेदन-पत्र आमंत्रित किये गये हैं ।
केन्द्र की निदेशक डा. सन्तोष ढि़ल्लो ने बताया कि इस प्रशिक्षण में केवल अनुसूचित जाति के 10+2 पास 18 से 25 वर्ष आयु के युवक-युवतियों को शामिल किया जाएगा, जिनका चयन विभागीय चयन समिति द्वारा पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के निदेशक एवं खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केन्द्र के अध्यक्ष डा. सलीम सिद्धिकी ने कहा कि केन्द्र इस तरह के रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित करवाता रहता है ताकि इच्छुक युवक-युवतियों को नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके । प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक डा. राकेश गहलोत ने बताया कि इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को जैम, जैली, मार्मलेड, चीज, टॉफी, सॉस, चटनी, अचार, मुरब्बा, कैंडी, तुरन्त सेव्य पेय, नेक्टर, स्क्वैश, शरबत इत्यादि के प्रसंस्करण एवं परिरक्षण बारे व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।