करनाल - प्रदेश से आए रोडवेज के सैकड़ों कर्मचारियों ने रविवार को अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। एसडीएम राजीव मेहता ने उनसे मुलाकात की और सीएम से जल्द वार्ता का आश्वासन देकर कर्मचारियों को शांत किया। इससे पहले कर्ण पार्क में आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के कर्मचारियों की बैठक हुई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ठंडी सडक़ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर जाने लगे। पुलिस ने बेरीगेड लगाकर उनको अंबेडकर चौक के पास ही रोक लिया।
काफी देर तक कर्मचारियों और पुलिस के बीच खींचतान रही,जबकि कर्मचारी घेराव करने की जिद्द करते रहे। इस बीच एसडीएम वहां पहुंचे और कहा कि आज सीएम रैली में हैं, उनसे बात नहीं हो पा रही। रविवार शाम को ही वार्ता का समय तय करवा दिया जायेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर वार्ता नहीं हुई तो 21 जून से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू हो जायेगा।
यूनियन के प्रधान हरिनारायण शर्मा व हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान दलबीर किरमारा ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी के मार्गों पर जहां राज्य परिवहन की बसें जनता को अच्छी सेवाएं दे रही हैं, उन्हीं मार्गों पर प्राइवेट परमिट देने से विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। निजी संचालकों की मनमानी से छात्र, छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।