चमोली - समुद्र तल से 15210 फीट की ऊंचाई पर स्थित श्रीहेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर के कपाट सोमवार सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। रविवार को गोविंदघाट में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने करीब छह हजार यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। ये श्रद्धालु घांघरिया में रात्रि विश्राम कर सोमवार सुबह आठ बजे श्रीहेमकुंड साहिब पहुंचेंगे।
मान्यता है कि सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह ने पूर्व जन्म में यहां तपस्या की थी। कपाट खुलने के बाद सुबह नौ बजे गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगवाई में दरबार साहिब में ले जाया जाएगा। इसके बाद पहली अरदास 9:30 बजे होगी और 10:30 बजे सुखमणि साहिब का पाठ किया जाएगा। वहीं सिखों के पवित्र तीर्थ श्री गुरुद्वारा रीठा साहिब में जोड़ मेला शुरू हो गया है। मेला तीन दिन तक चलेगा। मेले का औपचारिक उद्धघाटन सोमवार को किया जाएगा। पहले दिन मेले में देश-विदेश से पहुंचे 35 हजार श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में मत्था टेका तथा अरदास की।