शिमला - राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पहली जून से देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक झलक के साथ-साथ बॉलीवुड के जलवे भी देखने को मिलेंगे। पहली से 5 जून तक आयोजित हो रहे शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान मिस समर फेस्टिवल प्रतियोगिता लोगों के मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। इस दौरान हिमाचली कलाकारों को भी इस बार प्रमुखता से स्थानीय लोक संस्कृति को दर्शकों खासकर पर्यटकों के सामने परोसने का मौका मिलेगा।
शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि ग्रीष्मोत्सव को खास बनाने के लिए सभी प्रयास किए गए हैं। पहली जून को ग्रीष्मोत्सव के आगाज के मौके पर पार्श्व गायक जसबीर जस्सी जहां लोगों का मनोरंजन करेंगे वहीं प्रसिद्ध हिमाचली लोक गायक विक्की चौहान भी अपने गानों से समां बांधेंगे। ग्रीष्मोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण मणिपुरी नृत्य होगा।
जबकि तीसरी सांस्कृतिक संध्या के मौके पर सूफी गायक अर्शदीप लोगों का मनोरंजन करेगी। मिस समर फेस्टिवल शिमला प्रतियोगिता 4 जून को होगी। दिनेश मल्होत्रा का कहना है कि पिछले कुछ सालों के दौरान समर फेस्टिवल में चुनी गई मिस शिमला बॉलीवुड में अपना स्थान बनाने में सफल रही हैं। ऐसे में इस प्रतियोगिता का महत्व और भी बढ़ गया है। यही कारण है कि लोग इस प्रतियोगिता का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
ग्रीष्मोत्सव की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या के मौके पर नजीर और नसीर अहमद वारसी अपना कव्वाली कार्यक्रम पेश करेंगे। इस दौरान हिमाचली लोक गायक कुलदीप शर्मा भी लोगों का मनोरंजन करेंगे।