चंडीगढ़ - हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राम बिलास शर्मा ने राज्यों में होने वाले पहले उपभोक्ता सम्मेलन को हरियाणा में आयोजित करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य उपभोक्ता वाद-विवाद प्रतितोष आयोग विवादों का निपटान करने में देश में अग्रणी स्थान पर है। आयोग द्वारा अब तक 45 हजार 666 दर्ज मामलों में से 44 हजार 786 का निपटान किया जा चुका है जो कि 98.07 प्रतिशत है।
श्री शर्मा नई दिल्ली के विज्ञान भवन में उपभोक्ता फोर्मस की कार्य प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने पर आयोजित किए गए एक राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री शर्मा ने घोषणा केंद्रीय सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राम विलास पासवान द्वारा हरियाणा में आयोजित करने के उनके अनुरोध को स्वीकार करने के उपरांत की। उन्होंने कहा कि आज भ्रामक विज्ञापनों के कारण उपभोक्ता फोरम्स में मामले बढ़ रहे है, इसलिए फोरम्स को और अधिक सशक्त बनाने की केंद्र सरकार द्वारा की गई पहल सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी जिला उपभोक्ता फोरम में दो लाख 37 हजार 283 केस फाइल किए गए हैं, जिनमें से दो लाख 24 हजार 582 केसों का निपटान किया जा चुका है जो कि 94.64 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने राज्य उपभोक्ता सहायता केंद्र भी स्थापित किया हुआ है , जिसका टोल फ्री नंबर 1800-180-2087 है। इस सहायता केंद्र के स्थापित होने से अब तक सात हजार 941 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से छह हजार 646 शिकायतों का निवारण किया जा चुका हैए जो कि 84 प्रतिशत है।