धर्मशाला- हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) अध्यक्ष पद की अगली पारी फिर से अनुराग ठाकुर के साथ खेलने को तैयार है। अनुराग ठाकुर के बीसीसीआई सचिव बनने के बाद हालांकि एचपीसीए अध्यक्ष पद पर नया चेहरा आने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन प्रदेश सरकार के साथ चल रहे टकराव के चलते इस बार भी अनुराग के नाम पर सहमति बन सकती है।
हालांकि अध्यक्ष पद के लिए अरुण ठाकुर का नाम भी आ रहा है। एचपीसीए प्रदेश सरकार के साथ चल रहे टकराव को खेल के माध्यम से जीतने के प्लान पर काम कर रही है। एसोसिएशन ने टी-20 मैच की घोषणा करवाकर भी भविष्य में क्रिकेट के बहाने अनुराग के प्रयासों का केलेंडर हिमाचल में तैयार करने की नींव रख दी है। प्रदेश सरकार का खेल विधेयक भले ही जब चाहे आए, लेकिन एचपीसीए अगली पारी फिर से सांसद अनुराग ठाकुर के साथ खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
एसोसिएशन 31 मई को धर्मशाला में चुनावी बैठक का आयोजन कर सर्वसम्मति से चुनावों को पहले की तरह ही करवाने की योजना पर काम कर रही है। हालांकि पिछली बैठक में अनुराग ठाकुर चेहरा बलदने के संकेत दे चुके हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए बदलाव की उम्मीद कम ही दिख रही है। अनुराग ठाकुर पिछले डेढ़ दशक से एचपीसीए का नेतृत्व कर रहे हैं। जिस दौरान उन्होंने कई मील पत्थर स्थापित किए हैं।