चण्डीगढ़, 17 फरवरी-कांगे्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश में विपक्ष सिर्फ अपनी राजनीति की बात कर रहा है, प्रदेश के विकास के लिए विपक्ष की सोच नहीं है। खुद गलती करके दुसरों पर आरोप लगाना अच्छी राजनीतिक विचारधारा नहीं है।
सांसद हुड्डा ने आज पानीपत की जनता की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि अमृतसर व चंडीगढ़ जाने वाली शताब्दी का ठहराव पानीपत में जरूर करवाया जाएगा। इसी प्रकार उनका प्रयास रहेगा कि पानीपत शहर के लिए स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति के लिए 325 करोड़ रूपए की बड़ी परियोजना पर काम जल्द शुरू करवाया जाए।
सांसद श्री हुड्डा आज पानीपत के सांसद डा.अरविंद शर्मा व पानीपत शहर के विधायक बलबीर पाल शाल के साथ पानीपत के जाटल रोड पर30 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले उपरगामी रेलवे पुल का शिलान्यास करने बाद हुडा जिमखाना कल्ब, पानीपत में आयोजित एक विशाल कार्यकर्त्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व सांसद हुड्डा का पानीपत शहर में पहुंचने हजारों मोटरसाइकिल सवार युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। पानीपत शहर से उनके काफिले को समारोह स्थल तक पहुंचने में तीन घंटे का समय लग गया। ऐसा लग रहा था कि जैसे पूरा शहर सड़कों पर उमड़ आया हो। युवा मोटरसाईकिल जत्थे के साथ नारेबाजी कर उनका गर्मजोशी से स्वागत कर रहे थे। युवाओं को जोश व उत्साह देखते ही बनता था। इस जोश व स्वागत का जिक्र सांसद श्री हुड्डा सहित सभी वक्ताओं ने अपने भाषण में भी किया और स्वागत के संयोजक विक्रम शाह को बधाई दी।
अपने भारी स्वागत का जिक्र करते हुए सांसद हुड्डा ने कहा कि पानीपत में आज जितना जोश देखा, वैसा उत्साह उन्होंने सड़कों पर कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि जाटल रोड पर बनने वाला पुल सभी के प्रयासों से शुरूआत हुई है और अगले दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के सामने दो तरह की विचारधाराएं है। प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है कि एक विचारधारा विपक्ष की है, जिसके अर्तगत वे अपनी गलतियों के लिए दूसरों पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार व भय का माहौल था। दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश की 36 बिरादरी को एकसाथ जोड़कर विकास की नीवं रखी जा रही है, प्रदेश में आज विकास का माहौल बना है, लेकिन अभी व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है।