शिमला - केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा सोमवार को जारी जमा दो के परीक्षा परिणाम में हिमाचल प्रदेश ने देश को पछाड़ दिया है। सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में हिमाचल प्रदेश का परीक्षा परिणाम 86.29 फीसदी रहा है, जबकि देशभर का रिजल्ट 82 प्रतिशत ही रहा है। प्रदेश भर में सीबीएसई बोर्ड की जमा दो की परीक्षा में 8659 छात्र बैठे थे, जिनमें से 7482 छात्रों ने परीक्षा पास की है। हालांकि प्रदेश भर में सीबीएसई के परीक्षा परिणाम में लडक़ों की अपेक्षा लड़कियों की पास प्रतिशत अधिक रही है।
प्रदेश में जहां 3429 छात्राओं ने यह परीक्षा उत्तीर्ण की है, वहीं 2053 लडक़े ही पास हुए हैं। हिमाचल प्रदेश की ही तरह देशभर में लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों का देश में रिजल्ट 87.55 फीसदी रहा है, जबकि लडक़ों की पास प्रतिशत 77.77 फीसदी रही हैं।