चण्डीगढ़, 15 फरवरी- हरियाणा के सहकारिता एवं आवास मंत्री सतपाल सांगवान ने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने देश में अपनी तरह का पहला सार्थक प्रयास करते हुए खिलाडि़यों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराई जा रही है। इतना ही नहीं खिलाडि़यों को ग्रेडेशन सर्टिफिकेट भी आन लाइन उपलब्ध कराने की योजना को तैयार किया जा रहा है जिसके लिए प्रदेश के लाखों प्रतिभाशाली खिलाडि़यों का डाटाबेस तैयार किया गया है।
श्री सांगवान ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से नई खेल नीति के तहत पदक लाओ पद पाओ योजना के तहत राज्य के खिलाडि़यों के लिए प्रदेश में सरकारी नौकरी सुनिश्चित करने के लिए नई रोजगार गांरटी नीति बनाई गई है। खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जितना बड़ा पदक जीतेगा उसे उसी अनुसार ही पद दिया जाएगा। उन्होंने अखाड़े में मौजूद खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि राज्य के वर्तमान उत्कृष्ट खिलाडि़यों के कल्याण के लिए वित्तिय सहायता, अनुदान, चिकित्सा सहायता एवं प्रशिक्षण प्रदान करने तथा पूर्व खिलाडि़यों के कल्याण के लिए हरियाणा खेल विकास कोष बनाया गया है इसके लिए सरकारी,गैर सरकारी एवं औद्योगिक क्षेत्र से सहयोग लिया जा रहा है।