शिमला - देश के मैदानी इलाकों में पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी का असर पहाड़ों तक भी पहुंच गया है। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर तापमान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है जिस कारण पहाड़ों पर तपिश बढ़ गई है और यहां भी लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। शिमला में आज इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। इस पर्यटन नगरी में आज तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से अधिक है। राज्य के निचले क्षेत्र इन दिनों भयानक गर्मी के चपेट में है।
ऊना में आज पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बीते रोज तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। ऊना, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी के निचले हिस्सों में गर्मी का यही आलम है। कांगड़ा में आज अधिकतम तापमान 38.1, सुंदरनगर में 37.9, भूंतर में 35 और धर्मशाला में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्नो लाइन के सबसे करीब पर्यटक स्थल मनाली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश में तापमान के लगातार नई ऊंचाइयों के छूने के कारण जहां राज्य के निचले हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है वहीं मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले पर्यटक स्थलों पर भी गर्मी का असर लोगों पर देखने को मिल रहा है और लोग दिन के समय घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। हालांकि पहाड़ों पर पर्यटकों की भीड़ लगातार उमड़ रही है और शिमला, धर्मशाला, मनाली, चायल, डलहौजी तथा अन्य पर्यटक स्थलों पर इन दिनों अधिकांश होटल हाउसफुल हैं तथा पर्यटन उद्योग लगातार तेजी पर है।