अम्बाला - स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बृहस्पतिवार को छावनी के सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि चार महीने से सभी दवाइयां अस्पताल से मिल रही हैं। एसएमओ सतीश कुमार ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 700 मरीज पहुंच रहे हैं।
विज ने कहा कि छावनी में 39.13 करोड़ की लागत से पांच मंजिला अस्पताल भवन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ अस्पताल में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, योग, पंचकर्मा, सिद्धा जैसी परंपरागत और प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। अस्पताल में चार ऑपरेशन थियेटर बनाये जाएंगे।