पानीपत - पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स स्थित नाफ्था क्रेकर प्लांट में इंसुलेशन का कार्य करने के दौरान बॉयलर फट गया। हादसे में 20 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत नाजुक बताई जाती है। इन्हें पानीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।जानकारी के अनुसार नाफ्था क्रेकर प्लांट के अंदर इंसुलेशन का कार्य चल रहा है।
इस कार्य को मलाई-डे नामक कंपनी कर रही है। बुधवार की दोपहर प्लांट के अंदर एक बॉयलर तेज धमाके के साथ फट गया। बॉयलर से निकले खौलते पानी व धमाके में बॉयलर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। ये टुकड़े यहां काम कर रहे श्रमिकों के शरीर में जा धंसे। घटना से रिफाइनरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना पाकर दमकल की गाडय़िां मौके पर पहुंची।
इधर, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने घटना वाले क्षेत्र को घेर लिया। हादसे के बाद रिफाइनरी प्रशासन ने अस्पताल से एंबुलेंस मंगवाई और घायलों को रिफाइनरी के अस्पताल में ले जाया गया। यहां मेडिकल जांच व प्राथमिक उपचार देने के बाद श्रमिक महेश पांडे, गुलाब मोहम्मद, हरीश चंद, सच्ची पांडे को पानीपत के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चारों श्रमिक झुलसे हुए हैं और इनके शरीर में बॉयलर के टुकडे धंसे हैं। घटना की सूचना मिलने पर थाना मतलौडा पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू का दी है।