शिमला - देश के महामहिम राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति के शिमला दौरे में सुरक्षा घेरा बुलेटपू्रफ होगा। महामहिम के लिए कदम-कदम पर पहरा लगेगा। जानकारी के अनुसार महामहिम उपराष्ट्रपति का सात जून को शिमला आ रहे हैं। उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी सात जून से लेकर दस जून तक शिमला में ही रहेंगे। इसके एक दिन बाद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 11 जून को शिमला दौरे पर आएंगे।
15 जून को राष्ट्रपति वापस दिल्ली जाएंगे। देश के इन दोनों महामहिमों के लिए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंध करेगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस के 300 जवान अनाडेल से लेकर राष्ट्रपति भवन छराबड़ा तक तैनात रहेंगे। इसके अलावा 100 से ज्यादा खुफिया विंग के जवान भी सादे लिबास में तैनात किए जाएंगे। पुलिस का डॉग स्क्वायड बम निरोधक दस्ता, क्यूआरटी भी वीवीआईपी के दौरे में तैनात की जाएगी। बुलेटपू्रफ गाड़ी के सुरक्षा व कवच व पुलिस के सुरक्षा घेरे में महामहिम को राष्ट्रपति भवन छराबड़ा तक पहुंचाया जाएगा।
महामहिम के शिमला दौरे के दौरान पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंध रहेगी। वीवीआईपी का सुरक्षा घेरा इतना मजबूत होगा कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। प्रदेश पुलिस वीवीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुट गई है। पुलिस के आला अफसरों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। राष्ट्रपति भवन छराबड़ा के आसपास तो पुलिस ने अभी से ही नजर रखने के निर्देश दे दिए हैं। पुलिस व इसका विंग सीआईडी मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां कर रहा है। सडक़ मार्ग ही नहीं वायुमार्ग पर भी पुलिस की पैनी निगाह रहेगी,ताकि सुरक्षा में किसी तरह की चूक न रह जाए।