सोनीपत - पश्चिमी यमुना लिंक नहर में नहाने के लिए उतरे तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गयी। तीनों युवक नरेला के स्वतंत्र नगर के रहने वाले थे तथा नाहरी गांव के पास नहर में नहाने आये थे। पुलिस ने करीब 20 घंटे बाद तीनों युवकों के शवों को खोजा और पोस्टमार्टम करवाकर इन्हें परिजनों के हवाले कर दिया।
नरेला के स्वतंत्र नगर निवासी राहुल (22), रविंद्र(23), डेविड (22) सोमवार शाम करीब 7 बजे बाइक पर सवार होकर नाहरी गांव के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर में नहाने पहुंचे। यहां उन्होंने अपने कपड़े व मोबाइल आदि बाइक पर रख दिए और नहाने के लिए नहर में उतर गये। इधर, कुछ देर बाद गांव नाहरा का एक ग्रामीण वहां से गुजर रहा था, तो उसने बाइक पर कपड़े आदि देखे। लेकिन आसपास कोई व्यक्ति नजर नहीं आया।
इस पर उसे शक हुआ कि शायद कोई नहर में डूब गया है। उसने तुरंत सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नहर पर पहुंचकर युवकों के मोबाइल से उनके परिजनों को फोन किया। युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गये और युवकों की खोज शुरू कर दी। पुलिस ने बचावकर्मी व गोताखोरों को मौके पर बुलवाया व देर रात तक युवकों की खोज की गयी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसी बीच सुबह युवकों के परिजनों ने डीसी से मिल कर नहर का पानी कम करवाने की गुहार लगाई। इसी बीच कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर बाद तीनों युवकों के शव हलापुर व नाहरा गांव के बीच नहर में मिले।