कुरुक्षेत्र - कुरुक्षेत्र में देश की पांचवी आयुष आयुर्वेद यूनिवर्सिटी बनने जा रही है। यह यूनिवर्सिटी यहां स्थित प्रदेश के एकमात्र सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कॉलेज को अपग्रेड करके बनायी जा रही है। सरकार की ओर से यूनिवर्सिटी को बनाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस संबंध में सोमवार को 5 सदस्यीय दल ने यहां का दौरा किया और अहम बैठक की। हरियाणा के आयुष एवं मेडिकल हेल्थ सर्विसेज के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने बताया कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कॉलेज को अपग्रेड करके देश की पांचवीं आयुष आयुर्वेद यूनिवर्सिटी बनाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
इस यूनिवर्सिटी के एक्ट को तैयार करने के लिए ड्राफ्ट बना लिया गया है। इस ड्राफ्ट में और अधिक सुधार करने के लिए आयुष व आयुर्वेद क्षेत्र के जाने-माने विद्वानों से विचार किया गया है। रामनिवास ने बताया कि सबसे अहम यह है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल कुरुक्षेत्र में बनने वाली आयुष आयुर्वेद यूनिवर्सिटी को देश का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाना चाहते हैं। इसलिए इस यूनिवर्सिटी को आधुनिक व उच्चस्तरीय बनाने के लिए ही 5 सदस्यीय दल ने कुरुक्षेत्र में बैठक की है।
बैठक में सोमवार को हरियाणा सरकार के आयुष एवं मेडिकल हेल्थ सर्विसेज के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास, आयुष यूनिवर्सिटी जामनगर के कुलपति पद्मश्री डॉ. राकेश, बनारस यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. साहू, पीजीआई रोहतक के कुलपति वीके जैन व सीसीएम की अध्यक्ष ने हिस्सा लिया।
बैठक से पहले टीम ने श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कॉलेज का मुआयना किया। यहां पर शिक्षकों, छात्रों और कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. वीबी छिकारा से कॉलेज की तमाम गतिविधियों तथा वर्तमान सुविधाओं का विस्तृत ब्योरा हासिल किया। इसके पश्चात टीम के तमाम सदस्यों ने आपसी विचार-विमर्श किया और कुरुक्षेत्र के तमाम प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत की गई।