शिमला - हिमाचल प्रदेश ने पैरा ग्लाइडिंग विश्व कप की मेजबानी के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। भारत में पहली मर्तबा पैरा ग्लाइडिंग विश्व कप का आयोजन कांगड़ा घाटी के बीड़-बिलिंग में 23 से 31 अक्तूबर तक किया जाएगा। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, जो बिलिंग पैरा ग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने सोमवार को विश्व कप की तैयारियों को लेकर पर्यटन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इस मौके पर सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में 50 से अधिक देशों से प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है और 47 देशों के प्रतिभागी पहले ही प्रतियोगिता में भाग लेने की हामी भर चुके हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान अतिरिक्त आकर्षण के लिए एक्रो शो और हॉट बैलूनिंग जैसी विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान पैराग्लाइडर्स की सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए लाइव ट्रैकिंग प्रणाली सुविधा आरंभ की जाएगी।
बैठक में पर्यटन विभाग के निदेशक मोहन चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की अधोसंरचना विकसित करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। ‘टेक ऑफ’ स्थल को विकसित करने का कार्य लगभग अंतिम चरण में है ।