शिमला - बेटी प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी अपने निजी प्रवास पर रविवार को शिमला पहुंचीं। सोनिया गांधी चंडीगढ़ से सडक़ मार्ग से शिमला आईं, जिनके साथ दिल्ली की एक महिला वास्तुकार भी हैं। वह दोपहर 12:30 बजे के करीब शिमला पहुंची और सीधे छराबड़ा स्थित होटल वाइल्ड फ्लॉवर हाल गईं।
होटल में दोपहर का भोजन करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने कुछ देर तक आराम किया। इसके बाद शाम तीन बजे सोनिया गांधी छराबड़ा में बेटी प्रियंका गांधी के प्लाट पर पहुंचीं। जहां उनके आशियाने का निर्माण कर रहे शिमला के ठेकेदार मौजूद थे। यहां पर दिल्ली से आई महिला वास्तुकार ने काम का जायजा लिया और अगले काम को लेकर ठेकेदार के साथ चर्चा की। बताया जाता है कि सोनिया गांधी यहां करीब दो घंटे तक रुकीं और पांच बजे वापस होटल चली गईं। प्रियंका गांधी तब तक प्लॉट पर ही थीं।
प्रियंका गांधी पहाड़ी शैली का भवन निर्माण कर रही हैं और हर दूसरे-तीसरे महीने में निर्माण कार्य का जायजा लेने यहां आती हैं। सोनिया गांधी दूसरी बार उनके साथ आईं हैं। इससे पहले भी सोनिया गांधी प्लॉट पर आई थीं। सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी मंगलवार को वापस लौटेंगी। राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष काफी समय बाद राजनीतिक भाग दौड़ से अलग हटकर अपने निजी दौरे पर शिमला आई हैं। छराबड़ा में उनकी पुत्री का नए सिरे से आशियाना बन रहा है। यहां लगभग पांच बीघा जमीन खरीदने के बाद इसका निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन इस बीच भवन का आकार सही ढंग से न बनने के कारण उसे तुड़वा दिया गया था। अब फिर से कार्य शुरू किया गया है, जिसमें छत्त का काम जोरों पर चला है। उनका यह भवन दो मंजिला है और भवन की छत्त पहाड़ी शैली में तैयार की जा रही है, क्योंकि यह क्षेत्र पहाड़ी है तथा सर्दियों में बर्फ भी भारी मात्रा में गिरती है।
प्राकृतिक खूबसूरती के लिहाज से यह काफी खूबसूरत स्थान है, जिसके करीब में ही राष्ट्रपति का सरकारी आवास रिट्रीट भी है। भवन का निर्माण कार्य यहां के स्थानीय ठेकेदार तेंजिन करवा रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बेटी के साथ सोमवार को भी यहां प्लॉट पर आएंगी। कांग्रेस अध्यक्ष व उनकी पुत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में सुरक्षा कर्मी और सीआईडी के जवान तैनात हैं, क्योंकि ये पूरा एरिया घने जंगलों से घिरा है, लिहाजा यहां चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।