शिमला - मशहूर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को हिमाचल के ब्रांड एम्बेसडर बनाए जाने के प्रयास शायद ही सफल हो पाए। इससे पहले भी फिल्म जगत के कई कलाकारों को हिमाचल का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के प्रयास हो चुके हैं लेकिन कोई भी प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाया। हिमाचल से संबंध रखने वाली प्रीति जिंटा से लेकर अनुपम खेर तक को ब्रांड एंबेससडर बनाए जाने के प्रयास हिमाचल सरकार कर चुकी है। पूर्व भाजपा सरकार के समय में पर्यटन विभाग के मार्फत प्रीति जिंटा और अनुपम खेर से इस बारे में संपर्क साधा गया था।
लेकिन इन दोनों कलाकारों द्वारा अधिक पैसा मांगे जाने की वजह से बात नहीं बन पाई। कंगना रनौत के मामले में भी कहा जा रहा है कि ये प्रयास सफल नहीं होंगे। कंगना रनौत इस समय हिन्दी फिल्म जगत में जिस मुकाम पर हैं हिमाचल की ब्रांड एंबेससडर बनने से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर कोई लाभ नहीं होने वाला। मंडी जिले के एक छोटे से गांव भांबला से संबंध रखने वाली कंगना रनौत पहले भी यह संदेश दे चुकी है कि उन्हें हिमाचल का ब्रांड एंबेसडर बनने में फिलहाल कोई रुचि नहीं है।
राज्य के पूर्व पर्यटन मंत्री एवं राज्य पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया का कहना है कि राज्य सरकार कंगना से संपर्क स्थापित करके उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का पूरा प्रयास करेगी। उनका कहना है कि जल्दी ही इस बारे में कंगना से बातचीत शुरू की जाएगी।