करनाल - हरियाणा के करनाल से न्यूजीलैंड पढ़ाई करने गए युवक की हत्या कर दी गई है। बिजनेस मैनेजमेंट का कोर्स करने गए छात्र का शव को न्यूजीलैंड में समुद्र किनारे पाया गया। हत्या की सूचना मिलने ही करनाल के दरड़ गांव में सन्नाटा पसर गया है। मंजीत सिंह के पिता जीत सिंह ने अपने बेटे को भारी भरकम खर्च करके उच्च शिक्षा के लिए न्यूजीलैंड भेजा था। पिता के सपने बेटे की मौत के साथ ही दफन हो गए हैं।
मां-बाप के सामने अब मंजीत की सगी बहन हरजीत कौर रह गई है। बेटे के शव को न्यूजीलैंड से वापस लाने के लिए वह विदेश मंत्रालय से संपर्क कर रहे हैं। अपने इकलौते बेटे को खो देने के बाद से मंजीत सिंह के पिता जीत सिंह और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। करनाल के गांव दरड़ का रहने वाला 22 साल का मंजीत सिंह बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के लिए न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर गया था। मंजीत सिंह की डिग्री को पूरा होने में केवल दो महीने बाकी थे। वहां मंजीत के साथ उसका चचेरा भाई नवजीत सिंह भी पढ़ाई कर रहे थे।
नवजीत ने ही मंजीत की मौत की खबर घरवालों को दी। मनजीत सिंह के पिता प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े हैं। जीत सिंह ने बताया कि न्यूजीलैंड में उसकी कुछ चीनी सहपाठियों से कहासुनी हुई थी। एक रात पहले फोन पर उसने बताया था कि कुछ चीनी सहपाठियों के साथ वह पार्टी करने जा रहा है, लेकिन सुबह मंजीत सिंह की मौत की खबर उन्हें झकझोर कर रख दिया। उन्होंने बताया कि मंजीत सिंह पढ़ाई में अव्वल रहता था, जिस कारण उसके कुछ सहपाठी उससे द्वेष रखते थे। उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि उनके बेटे के शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए।