शिमला - राजधानी शिमला के कैथू क्षेत्र में भाजपा नेता गणेश दत्त के घर में आज सुबह हुए विस्फोट में 4 लोग घायल हो गये। घायलों में एक की हालत गंभीर है। ये घटना गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद हुई बताई जाती है। जानकारी के मुताबिक भाजपा प्रवक्ता गणेश दत्त के घर में आज सुबह 6:25 बजे जोरदार धमाका हुआ। ये धमाका गणेशदत्त के एक किरायेदार के कमरे में हुआ।
इस विस्फोट में किरायेदार ठाकुर दास वर्मा के कमरों की दो दीवारें टूट गई और आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे भी चकनाचूर हो गए। विस्फोट में ठाकुर दास वर्मा, उनकी पत्नी रीना, बेटी ललिता और बेटा अमित घायल हो गए। विस्फोट के तुरंत बाद आस पड़ोस के लोग बाहर निकल आए और विस्फोट में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश चंद के मुताबिक ठाकुर दास वर्मा इस विस्फोट में 55 से 60 फीसदी तक झुलस गए हैं और उन्हें उपचार के लिए भर्ती किया गया है जबकि परिवार के 3 अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी के मुताबिक आरंभिक जांच में पता चला है कि ये हादसा रसोई गैस के रिसाव के कारण हुआ है। उनका कहना है कि सिलेंडर में इसलिए विस्फोट नहीं हुआ क्योंकि रिसाव के बाद सिलेंडर पुरी तरह से खाली हो गया था। उन्होंने ये भी कहा कि विस्फोट से रसोई में कोई नुकसान नहीं हुआ। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इस घटना में पांच लाख रुपए से अधिक का नुकसान आंका गया है। विस्फोट के कारण भाजपा नेता के घर में दरारें भी पड़ गई है। पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 285 और अन्य के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।