पंचकूला, 15 फरवरी- पंचकूला के विधायक श्री डी०के० बंसल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने नगर निगम, पंचकूला के चुनावों के लिए पैनल तैयार करने के लिए कहा है और पैनल तैयार करके मुख्यमंत्री को भेजा जायेगा तथा अंतिम निर्णय श्री हुड्डा द्वारा ही लिया जाएगा।
श्री बंसल आज बसंत पंचमी के शुभअवसर पर सैक्टर 16 के ब्लू बर्ड स्कूल के पार्क में आयोजित बसंत उत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के चुनावों के लिए उन्हीं पार्टी कार्यकर्ताओं को प्राथमिक्ता दी जाएगी जिन्होंने नि:स्वार्थ भाव से जन हित में समर्पित भावना से कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची बना कर मुख्यमंत्री को अंतिम निर्णय के लिए भेजी जाएगी। उन्होंने वार्ड नंबर 10 के वासियों को आश्वासन दिलाया कि तैयार किए गए पैनल में रंजीता मेहता को पहले स्थान पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा रंजीता मेहता ने सैक्टर 16, 17 व 9 में विकास कार्यों एवं समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा ही उनके संपर्क में रही और काफी समस्याओं का उन्होंने समाधान भी करवाया। ऐसे सक्रिय कार्यकर्ता ही उम्मीदवार के सही मायनों में दावेदार हैं।
श्री बंसल ने कहा कि सैक्टर 12ए में सैक्टर वासियों की मांग पर सामुदायिक केन्द्र के लिए एक करोड रूपए की राशि स्वीकृत की गई तथा इसी सैक्टर में सडकों के के रख-रखाव के लिए एक करोड 50 लाख रूपए की राशि खर्च की जा रही है और इसी सैक्टर में 70 लाख रूपए की पुलिस पोस्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचकूला से सैक्टर 25 को मिलाने वाली सडक को भी मुख्यमंत्री ने फोर लेनिंग बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है और इस पर 5 करोड रूपए की राशि खर्च की जाएगी।
विधायक ने इस मौके पर सभी शहरवासियों को बसंत पंचमी की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और सभी अपने जीवन में प्रगति लेकर आए। उनहोंने कहा कि बसंत परिवर्तत का राजा है। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि यह पर्व विद्या की देवी सरस्वती एवं धन के स्वामी भगवान विष्णु के दिवस के रूप में भी बनाया जाता है।
श्री बंसल ने इससे पूर्व सैक्टर 16 में सुरक्षा गेट का उदघाटन करके शहरवासियों को समर्पित किया। उन्होंने बसंत उत्सव के अवसर पर पतंग उड़ा कर अपनी भारतीय प्राचीन संस्कृति को तरोताजा करने का संदेश दिया। उन्होंने इस मौके पर सोपिंग स्कूल के बच्चों द्वारा बसंत उत्सव पर प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए सम्मानित भी किया। समारोह को रंजीता मेहता, अभि मेहता, सुभाष कुमार सोनी, श्रीमती कटयाल, के.पी. सिंह, ओमपाल चंवल तथा प्रमोद डाबला ने भी संबोधित किया।