शिमला - हिमाचल सरकार ने प्रदेश के हजारों अनुबंध कर्मचारियों को नियमितीकरण का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में कल शाम शिमला में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस वर्ष 31 मार्च तक 5 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके अनुबंध कर्मचारियों का नियमित करने का फैसला लिया गया।
इसके अलावा अनुबंध महिला कर्मचारियों का मातृत्व अवकाश 112 दिन से बढ़ाकर 136 दिन करने को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी। मंत्रिमंडल ने इस वर्ष 31 मार्च तक लगातार 7 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले दैनिक वेतन भोगियों को नियमित करने और प्रदेश के प्रत्येक पटवार सर्कल में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद भरने को स्वीकृति प्रदान की।
प्रदेश मंत्रिमंडल ने विभिन्न विभागों में अनेक श्रेणियों के 3 हजार से अधिक पदों को भरने को मंजूरी दी है। बैठक में बिलासपुर जिले के अलावा अन्य सभी जिलों में जेबीटी अध्यापकों के युक्तिकरण का फैसला भी लिया गया। मंत्रिमंडल ने 31 मार्च तक 8 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले पार्ट टाईम कर्मचारियों को दैनिक वेतन भोगी बनाने सहित जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।