शिमला - हिमाचल के पर्यटन विभाग ने प्रदेश में पर्यटकों की आमद को बढ़ाने के लिए विशेष योजना के तहत कार्य आरम्भ किया है। देश-विदेश के पर्यटकों को हिमाचल में लाने के लिए गुजरात की तर्ज पर विभाग कार्य करेगा, जिसमें हिमाचल की खूबसूरती के बारे में लोगों को बताने के लिए विज्ञापनों का सहारा लिया जा रहा है। इसमें प्रदेश की देश-विदेश में नाम कमाने वाली हस्ती को ब्रांड एंबेसेडर बनाया जाएगा।
हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। इसी के चलते पर्यटन विभाग में प्रदेश में इस ओर कार्य करते हुए प्रोपोजल तैयार कर रहा है। देवभूमि के ब्रांड एंबेसेडर बनाने के लिए प्रदेश की ही चार हस्तियां ऐसी हैं, जिन्होंने फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। इनमें सिने स्टार अनुपम खेर, पार्श्व गायक मोहित चौहान, बालीवुड अभिनेत्री प्रिटी जिंटा तथा बेस्ट एक्ट्रेस के नेशनल अवार्ड प्राप्त करने वाली क्वीन कंगना रणौत शामिल हैं।
पर्यटन विभाग देवभूमि के पर्यटन विकास के लिए कंगना रणौत को ब्रांड एंबेसेडर बनाने की योजना तैयार कर रहा है। पर्यटन विकास निगम की मानें तो कंगना को ब्रांड एंबेसेडर बनाने से टीवी और प्रिंट मीडिया में हिमाचल की सुंदरता का प्रचार होने से प्रदेश में पर्यटन कारोबार में इजाफा होगा। मनकोटिया ने कहा कि हिमाचल से संबंधित बालीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत हिमाचल के ब्रांड एंबेसेडर के लिए उपयुक्त हैं।