चंडीगढ - हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वाल्गद ने कहा कि एसएमएस की उपलब्ध सुविधा से भी मतदाता ईसीआई लिंक वोटर नम्बर स्पेस आधार नम्बर स्पेस टाइप करके 51969 पर एसएमएस भेजकर आधार नम्बर को जोड़ सकते हैं। इसके अलावा, मतदाता ऑनलाइन द्वारा भी आधार नम्बर वोटर लिस्ट से जोड़ सकते हैं।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वाल्गद ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशानुसार हरियाणा निर्वाचन आयोग द्वारा आज आधार नम्बर को मतदाता सूची से जोडऩे के लिए प्रदेश के लोगों को एक और अवसर दिया गया। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया गया था जिसमें काफी लोगों ने अपना आधार वोटर लिस्ट में जोडऩे के लिए उपलब्ध करवाया था। अब प्रदेशवासियों को एक अवसर और प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रीय मतदाता सूची शुद्घीकरण और प्रमाणिकरण कार्यक्रम 3 मार्च से शुरू किया है और यह कार्यक्रम 29 जुलाई तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि आधार नम्बर को मतदाता सूची से जोडऩे के दो फायदे होंगे जिसमें पहला मतदाता सूची का शुद्घीकरण होगा, दूसरा चुनाव आयोग भविष्य में इलैक्ट्रोनिक सेवाएं जैसे कि नाम, पता में बदलाव, शुद्घि इत्यादि करवाने की भी सुविधा दे सकता है। इसलिए हरियाणा निवासियों से अपील है कि वे आधार नम्बर को वोटर लिस्ट से जोडऩे के लिए चलाए जाने वाले राज्य व्यापी अभियान में भाग लेकर इसे सफल बनाने में अपना योगदान दें।