फरीदाबाद - बीती रात सडक़ हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। इसी बीच मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यह सडक़ हादसा नहीं बल्कि हत्या है, जिसके बाद परिजनों ने खेड़ी पुल पर जाम लगा दिया।
बुढ़ैना निवासी 24 वर्षीय बंटी और उसका दोस्त रघु रविवार की शाम बाइक से मास्टर प्लान रोड से सेक्टर 81-82 की ओर जा रहे थे। इसी बीच उनकी बाइक अनिंयत्रित होकर सडक़ किनारे सीवर के लिए खोदे गए गड्ढे में जा गिरी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों ने बंटी व रघु को गड्डे से निकालकर उपचार हेतु बीके अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सक ने बंटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि रघु को भर्ती कर लिया गया।
खेड़ी चौकी इंचार्ज बसंत ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन शव लेकर खेड़ीपुल पर पहुंचे तथा हादसे को हत्या बताते हुए जाम लगा दिया। जाम के चलते ग्रेटर फरीदाबाद पहुंचने के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस द्वारा समझाने पर लोगों ने जाम को खोला।