मंडी - केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश को इस वित्तीय वर्ष में सडक़ों के लिए 10 हजार करोड़ केंद्र की ओर से देने का ऐलान किया है। यह राशि फोरलेन, एनएच, स्टेट रोड और इंटर स्टेड रोड पर खर्च की जाएगी। इसके साथ ही जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश को डिजिटल इंडिया की मुहिम के तहत आईटी हब और अपने मंत्रालय के जरिए हैल्थ हब बनाने की भी घोषणा की है।
केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार मंडी पहुंचने पर उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने ये घोषणाएं कीं। यही नहीं, श्री नड्डा ने मंडी में शहीद स्मारक पार्क के लिए 50 लाख रुपए देने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह बीस लाख रुपए अभी स्वीकृत कर रहे हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में मंडी, रामपुर, हमीरपुर और टांडा में ट्रामा केयर के लिए 50 करोड़, मंडी व सुंदरनगर में मदर चाइल्ड हैल्थ केयर के लिए पांच-पांच करोड़, गोहर व एक अन्य जगह में सीएचसी भवन को 6.25 करोड़ और मंडी में छह नई पीएचसी भवन के लिए पहले चरण में 7.50 करोड़ रुपए जारी करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नाहन व चंबा अस्पताल को स्तरोन्नत करने के लिए उनका मंत्रालय साढ़े 12 करोड़ देगा।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार मंडी पहुंचने पर श्री नड्डा का मंडी के भाजपा नेताओं ने सलापड़ से लेकर मंडी तक जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में यह पहली ऐसी सरकार है, जिसने एक साल में हिमाचल को आठ एनएच दिए हैं। सडक़ों के रखरखाब के लिए ही केंद्र ने 610 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य और आईटी के क्षेत्र में हब बन सकता है।आईटी हब के लिए यहां अपार संभावनाएं हैं।
आईटी हब के लिए हिमाचल में न सिर्फ मौसम और वातावरण सबसे बेहतर हैं, बल्कि हिमाचल के युवा कम्प्यूटर और इंटरनेट के उपयोग में सबसे आगे बढ़ते जा रहे हैं। हिमाचल की शांत वादियों में सिलिकॉन वैली स्थापित की जा सकती है। इस अवसर पर मल्लिका नड्डा, पूर्व मंत्री जयराम ठाकुर, महेंद्र सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह ठाकुर, झंडूता के विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रिखी राम कौंडल, पूर्व मंत्री ठाकुर रूप सिंह, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विधायक विनोद कुमार, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा और अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।