जवाली - जिला कांगड़ा के उपमंडल जवाली के अंतर्गत पंचायत जवाली में एक दुकानदार को अज्ञात लोगों ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर धारा 302 व 34 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि को सुनेहड़ निवासी धर्मेंद्र पाल उर्फ मिंदो (43) पुत्र प्रकाश चंद को अज्ञात लोगों द्वारा मौत के घाट उतार दिया गया। धर्मेंद्र पाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवाली के बाहर मीट-मछली की दुकान करता था।
मृतक के भाई कमलेश कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र पाल मंगलवार को जवाली में आयोजित सांस्कृतिक संध्या देखने के लिए गया था तथा देर रात्रि तक वापस नहीं लौटा तो उससे मोबाइल पर संपर्क साधा गया। संपर्क साधने के उपरांत जब उसने फोन नहीं उठाया तो उसकी तलाश शुरू की गई। जैसे ही परिजन उसको तलाशने के लिए घर से जवाली की तरफ निकले तो घर से करीब 40-50 मीटर की दूरी पर उसका शव मिला।
सर्वप्रथम इसकी सूचना 108 पर दी गई, जिस पर संज्ञान लेते हुए 108 वालों ने जवाली थाना में सूचना दी। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा के नेतृत्व में जवाली पुलिस मौका पर पहुंची। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक धर्मेंद्र पाल के चेहरे पर चोट के निशान थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रथम दृष्टया साथ पड़े पत्थर सहित मृतक के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है व लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के मोबाइल से कॉल डिटेल को खंगाला जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 302 व 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।