चंडीगढ़ - हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश में हर वर्ष करीब 25 हजार लडकियों की गर्भ में हत्या की जाती है, परन्तु हमारी सरकार हरियाणा के माथे से इस कलंक को मिटा कर रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अल्ट्रासाऊंड मशीनों का इस कार्य को अंजाम देने में विशेष योगदान रहता परन्तु हम प्रदेश में न तो कन्या भ्रूण हत्या होने देंगे और न ही किसी के साथ अन्याय होने देंगे परन्तु गलत काम करने वाले चिकित्सकों को कभी बख्सा नही जाएगा।
विज ने कहा कि प्रदेश के किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और उन्हें कांग्रेस व विपक्ष के बहकावे नही आना चाहिए। विज ने कहा कि हरियाणा सरकार किसी भी प्राकृतिक आपदा से किसानों का सहयोग कर रही है। ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए हरियाणा सरकार ने किसानों के बिजली बिल माफ करने, बिना ब्याज के ऋण देने सहित अन्य सुविधाएं प्रदान कर रही है। इसलिए किसानों को आत्महत्या जैसे किसी कदम को नही उठाना चाहिए। फसलों के नुकसान की गिरदावरी हो चुकी है और जल्द ही मुआवजा राशि दी जाएगी।