शिमला - ननखड़ी उपतहसील के खोलीघाट में मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे दो युवकों के बीच हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने झगड़े के दौरान गोली चला दी, जिससे युवक घायल हो गया। इस युवक का इलाज शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में हो रहा है, जो खतरे से बाहर है। इस झगड़े के दौरान सुनील नाम के व्यक्ति ने अनिल और प्रदीप पर पिस्टल से गोली चला दी, जो दोनों ही भाई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुनील पुत्र कर्मचंद गांव खोलीघाट निवासी की गाड़ी का टायर सोमवार रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने जला दिया। जब मंगलवार सुबह सुनील ने गाड़ी का टायर जला हुआ देखा तो उसने अनिल व उसके भाई प्रदीप को बुलाया और उन पर शक जाहिर किया। शक तीनों के बीच झगड़े का कारण बन गया और तीनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी झगड़े के बीच सुनील ने अनिल की बायीं टांग पर पिस्टल से गोली चला दी।
गोली प्रदीप के कान को छूती हुई निकल गई। गोली लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जैसे ही अनिल और प्रदीप के परिजनों ने गोली की आवाज सुनी तो वह बाहर आ गए, जिन्होंने प्रदीप को बेहोश पड़ा देखा। उधर सुनील पर भी दोनों युवकों ने दराट से हमला किया, जिससे वह भी घायल हो गया। अनिल और प्रदीप के परिजनों ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस चौकी ननखड़ी को दी और साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया।