अंबाला - स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार द्वारा स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कार और संस्कृति से जोडऩे के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्कूलों के पाठ्यक्रम में आदर्श मानव जीवन की शिक्षा के लिए गीता को शामिल करने के साथ-साथ पहली कक्षा से 10 जमा दो तक विद्यार्थियों को योग शिक्षा देने की भी व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि योग शिक्षा की अनिवार्यता राजकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालयों पर भी लागू होगी और यदि आवश्यकता हुई तो सरकार इसके लिए कानूनी प्रावधान भी करेगी। श्री विज सोमवार को लड़कियों के लिए आवासीय स्कूल चमन वाटिका इंटरनेशनल गुरुकुल के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा प्रणाली को भारतीय संस्कृति के साथ जोडऩे का प्रयास आरंभ किया है। उन्होंने कहा कि देश में गुरुकुल शिक्षा केंद्रों की ओर देशवासियों का रूझान बढऩे लगा है, जो देश के भविष्य के लिए एक शुभ संकेत है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में योग शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश के सभी 6500 गांवों में योग शालाएं स्थापित की जाएंगी और उसके प्रथम चरण में इस वर्ष प्रत्येक जिला के 50 गांवों में ऐसी योगशालाएं स्थापित होंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर संस्कृति और संस्कारों से देश को जिम्मेदार और आदर्श नागरिक मिलेंगे जो न केवल देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझेंगे, बल्कि मानवता की सेवा के क्षेत्र में पूरे विश्व का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि लड़कियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा के पूरे अवसर देने के साथ-साथ योग के माध्यम से स्वस्थ रहने और आत्मरक्षा की शिक्षा भी हासिल होगी।
हरियाणा सरकार ने भी स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से इस बुराई को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने आरंभ किए हैं और प्रतिदिन किसी न किसी अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापेमारी करके ऐसे लोगों को काबू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भू्रण जांच और कन्या भू्रण हत्या को रोकने के लिए सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपए के नगद इनाम का भी प्रावधान किया गया है।