सोलन - डेंटल कालेज टटूल में एचओडी के पद पर तैनात डा. जग्ननाथ नागराज की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। डा. नागराज सोलन स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी में रहते थे और डेंटल कालेज में अपनी सेवाएं दे रहे थे। डा. नागराज की अचानक मौत से स्टाफ हैरान हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कालोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उनके किराएदार का शव घर के बाहर पड़ा है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तो पता चला कि डेंटल कालेज टटूल में बतौर एचओडी अपनी सेवाएं दे रहे थे। प्राथमिक जांच में पाया गया है कि प्रो. नागराज के शरीर पर चोटें लगी हुई थी। पूछताछ के बाद पता चला कि मृतक हाउसिंग बोर्ड कालोनी में किराए के मकान में रहता था। वह भवन की चौथी मंजिल में रह रहा था।
मंगलवार की रात को डा. नागराज अपने कमरे में ही ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि डा. नागराज की मौत कमरे की बालकनी से नीचे गिरने की वजह से हुई है। हालांकि मौत के कारणों का अभी सही पता नहीं चल पा रहा है। फिलहाल पुलिस द्वारा प्रत्येक पहलू की छानबीन की जा रही है। पता यह भी चला है कि डा. नागराज चंडीगढ़ के रहने वाले थे और वह माह में केवल कुछ दिनों के लिए ही यहां पर आते थे। अधिकतर समय वह चंडीगढ़ में ही रहते थे।
बालकनी से वह कैसे नीचे गिरे इन बातों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच में यह भी पाया जा रहा है कि मृतक के कमरे में शराब की बातलें थी जिसकी वजह से आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है वह नशे की हालत में नीचे गिर गए हों, लेकिन इन सब बातों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस चौकी इंचार्ज हंसराज का कहना है कि पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।