मंडी - लडभड़ोल से अगवा नाबालिग लडक़ी को मंडी पुलिस ने नेपाल सीमा के गांव गौरीपंटा से बरामद कर लिया है। करीब 3 माह की मशक्कत के बाद टीम के हाथ यह कामयाबी लगी है। सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में मैडीकल जांच के बाद पुलिस ने लडक़ी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी मोहित चावला ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि लडभड़ोल क्षेत्र में एक ठेकेदार के पास मजदूरी का काम करने वाला नेपाली मूल का रामू राम 8वीं कक्षा में पढने वाली एक छात्रा को 27 दिसम्बर को अगवा करके ले गया था।
आरोपी करीब 4 माह छात्रा के घर में बतौर किराएदार रहा था। लडक़ी को अगवा कर रामू राम पहले दिल्ली ले गया। वहां कुछ दिन ठहरने के बाद वह लडक़ी को लेकर नेपाल चला गया। लडक़ी के पिता ने पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में रामू राम के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। 3 माह तक पुलिस लडक़ी व आरोपी की तलाश में भटकती रही। पुलिस अधीक्षक मंडी मोहित चावला ने लडभड़ोल क्षेत्र से करीब 3 माह पहले अगवा हुई लडक़ी को विशेष जांच दल द्वारा बरामद किए जाने की पुष्टि की है। उधर, लडक़ी को अगवा करने के आरोपी रामू राम को जांच दल गिरफ्तार कर अपने साथ लाने में विफल रहा है।
प्रत्यर्पण संधि आरोपी की गिरफ्तारी में बाधा बनी। नेपाल के साथ भारत की प्रत्यर्पण संधि नहीं है। पुलिस अब विदेश मंत्रालय से इस मामले को उठाएगी। बता दें कि कुल्लू से रघुनाथ चोरी मामले में भी आरोपी नेपाल से भारत इसी वजह से नहीं लाया जा सका था। मंडी पुलिस ने 15 दिन में 3 अगवा नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है। पुलिस ने सबसे पहले करीब 6 माह पहले लव जेहाद का शिकार हुई घटासनी क्षेत्र की एक नाबालिग लडक़ी को पंजाब के जालंधर से बरामद किया था। बल्ह क्षेत्र से अगवा एक लडक़ी को पुलिस ने गत सप्ताह कांगड़ा से बरामद किया। अब 3 माह पहले अगवा हुई नाबालिग लडक़ी को नेपाल से बरामद करने में सफल रही है।