हमीरपुर - ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) के चलते हमीरपुर शहर सुबह व शाम के वक्त जाम हो गया। जिला के हर मार्ग पर पहिए थमे दिखे। पैदल राहगीर भी इस जाम के चलते खूब परेशान हुए। हालात इतने गंभीर हो गए कि कुछ वाहन चालकों को अपना रास्ता बदलकर संपर्क मार्ग के सहारे गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। बताया जा रहा है कि इस परीक्षा में पहुंचे अभ्यर्थियों के साथ करीब पांच हजार वाहन हमीरपुर में पहुंचे थे। हमीरपुर में आयोजित इस परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों के साथ पहुंचे वाहनों की संख्या इतनी बढ़ गई कि पुलिस को भी खूब कसरत करनी पड़ी।
हालांकि जिला पुलिस प्रशासन ने इस स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही यातायात पुलिस को सक्रिय कर दिया था। पुलिस ने अपनी सक्रियता भी दिखाई, लेकिन वाहनों की संख्या के आगे पुलिस की सक्रियता छोटी साबित हुई। परीक्षा का आयोजन सुबह व शाम के वक्त दो सेशन में करवाया गया। पहले सेशन में 12 बजे परीक्षा समाप्त हुई। इसके बाद यहां की हालत ऐसी बन गई कि हर तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हमीरपुर मुख्यालय से जुडऩे वाले हर मार्ग पर यह कतारें लगी हुई थीं।
हालांकि कुछ वाहन चालक बाइपास का सहारा लेकर बाहर से ही निकल गए, लेकिन जिन्हें इस मार्ग की जानकारी नहीं थी, वह मुख्य बाजार में फंस गए। हमीरपुर से नादौन, हमीरपुर से अवाहदेवी, हमीरपुर से भोटा व बजूरी मार्ग इस जाम की स्थिति का गवाह बने। शाम के वक्त आयोजित हुई परीक्षा के उपरांत जाम की कम स्थिति बनी, लेकिन सुबह वाली परीक्षा में ऐसी स्थिति बनी कि लोगों के होश उड़ गए। पहले ही हमीरपुर की सडक़ें वाहनों के लिए छोटी पड़ती हैं। ऊपर से इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे वाहनों ने जाम लगा दिया। बहरहाल पुलिस प्रशासन ने खूब मुस्तैदी दिखाई और लोगों को इस परेशानी से बचाने की कोशिश की।