चिंतपूर्णी - ऊना-चिंतपूर्णी सडक़ पर आर्य स्कूल के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई । हादसे में बस में सवार 25 श्रद्धालु घायल हो गए । जिन्हें उपचार के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं जहां से चार गंभीर घायलों को ऊना अस्पताल के लिए रैफर कर किया गया है। सभी श्रद्धालु अलीगढ़ यूपी के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं से भरी यूपी की एक निजी बस ऊना से चिंतपूर्णी की ओर आ रही थी। इसी दौरान भरवार्इं के नजदीक चढ़ाई पर बस में तकनीकी खराबी आ गई, जैसे ही चालक ने बस को रोकने के लिए ब्रेक लगानी चाही तो बस पीछे की ओर लुढक़ गई और सडक़ किनारे एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों में चार में से दो के सिर पर चोट आई है। सूचना मिलते ही एसडीएम चिरंजी लाल,बीएमओ डा. वर्मा, मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान मौके पर पहुंच गए। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।