चंडीगढ़ - हरियाणा के स्वास्थ्य, खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे पर कार्य कर रही है। इसके तहत सरकार प्रदेश के सभी वर्गों तथा सभी क्षेत्रों का समान विकास करवाने के लिए कटिबद्घ है।
विज ने आज हरियाणा विधानसभा में एक सवाल के जवाब में बोलते हुए कहा कि हमारी सरकार गत कांग्रेस सरकार की भांति चंद जिलों व चंद लोगों की सरकार नही है बल्कि हमारी सरकार प्रदेश के सभी 21 जिलों व जनता की सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान ऐसा काम किया है, जिसके कारण प्रदेश में असमानता के भाव उत्पन्न हुए है। कांग्रेस को भाजपा के मात्र 4 महीने में ‘सबका साथ, सबका विकास’ का यह नारा झूठा नजर आने लगा जबकि उनके काल के दौरान विकास मात्र कुछ जिलों तक सिमट कर रह गया था।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के 68 वर्षों की गंदगी को मात्र 68 दिनों में कैसे दूर किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर देश को सम्पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है। अंग्रेजी में हरियाणा की जनता की मांगों को सदन में रखते हुए कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी पर व्यंग्य कसते हुए उन्होंने पूछा कि हरियाणा अंग्रेजी बोलने वाला प्रदेश है क्या!
विज ने कहा कि किरण चौधरी को कांग्रेस विधायक दल का नेता तो बनाया गया है परन्तु वह अभी तक एक क्षेत्र से बाहर नही निकल पा रही है। उन्होंने कहा कि भिवानी के भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ की मांग तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर सरकार ने भिवानी में बनने वाले संभावित मैडिकल कॉलेज का मामला केन्द्र सरकार को भेजा है, क्योंकि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सरकार के दौरान यह मात्र घोषणा रही थी, जिस पर उनकी सरकार ने कोई काम नही किया।
खेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा बनाई गई खेल नीति अब तक की उत्कृष्ट खेल नीति है, जिसमें भेदभाव, क्षेत्रवाद तथा भाई भतीजावाद के लिए कोई स्थान नही है। इस नीति के तहत सभी योग्य खिलाडियों को उनकी योग्यता के अनुसार सुविधा व नौकरी प्रदान की जाएगी।