नाहन - जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन से करीब 20 किलोमीटर दूर नाहन-सोलन मार्ग पर बनेठी में मंगलवार को एक निजी स्कूल की बस करीब 135 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 35 स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं, जबकि एक बच्ची की नाहन अस्पताल में मौत हो गई है। दो गंभीर रूप से घायल बच्चों में नौ वर्षीय रजत व दस वर्षीय आयुष को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। घायलों में 32 छात्र नाहन अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
जानकारी के मुताबिक जब बस नंबर (एचपी 71-4833) स्कूली बच्चों को घर छोडऩे जा रही थी तो बनेठी के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा तथा बस गहरी खाई में जा गिरी। बस के चालक ने बस से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। इस दुर्घटना से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया तथा स्थानीय लोग तुरंत सहायता हेतू मौके पर पहुंच गए। घायल बच्चों को निजी वाहनों व 108 एंबुलेंस में तुरंत नाहन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर अस्पताल के चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ की टीम ने युद्ध स्तर पर बच्चों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में भर्ती कर लिया।
उपायुक्त सिरमौर रितेश चौहान ने मौके पर पहुंचकर जहां घायल बच्चों का हाल पूछा, वहीं इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस मामले में एसडीएम नाहन दिप्ती कपूर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा 15 दिन के भीतर दुर्घटना की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उपायुक्त सिरमौर रितेश चौहान व पुलिस अधीक्षक बलबीर ठाकुर ने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचकर उपचार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश अस्पताल प्रशासन को जारी किए। प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर मृतक छात्रा के परिवारजनों को 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई हैं।
इसके अलावा चंडीगढ़ रैफर किए गए पीडि़त छात्रों को नौ-नौ हजार रुपए की राशि भी सहायता स्वरूप दी गई। इसके अलावा दो घायल बच्चों को दो-दो हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम नाहन, पुलिस व चिकित्सक दल बचाव व राहत कार्य हेतुमौके पर पहुंच गए थे। जानकारी के मुताबिक बनेठी स्थित सीजरा पब्लिक स्कूल की बस में 35 बच्चे व टीचर भी था। 32 घायल बच्चे व टीचर रामस्वरूप नाहन अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
दुर्घटना पर मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार, नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, रोजगार सृजन एवं संचालन समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान, हिमफेड के चेयरमैन अजय बहादुर सिंह, समाज कल्याण बोर्ड की चेयरमैन सत्या परमार, कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष अजय सोलंकी व पूर्व विधायक कुश परमार ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।