शिमला - सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, कर्नल (डा.) धनी राम शांडिल ने यू.एस.क्लब शिमला स्थित शिशु गृह एवं कामकाजी महिला आवास का निरीक्षण किया। डा.धनी राम शांडिल ने शिशु गृह एवं कामकाजी महिला आवास में प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और बच्चों को मिठाईयां भी भेंट की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में स्वाईन फलू के मामलों के मध्यनजर शिशु गृह में विशेष सावधानी बरती जाए और जब तक स्वाईन फलू के मामले आना बंद नहीं हो जाते तब तक शिशु गृह में आने वाले लोगों की संख्या सीमित रखी जाए। शिशु गृह में स्वाईन फलू से बचाव के लिए हर सम्भव उपाय किए जाएं तथा कर्मचारियों को भी स्वाईन फलू से बचाव के लिए हर जानकारी प्रदान की जाए। डा. शांडिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिशु गृह में बच्चों के संतुलित विकास के लिए उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अजय मितल ने हिमाचल प्रदेश बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित शिशु गृह एवं कामकाजी महिला आवास में प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग सुषमा वत्स, जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.पी.चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।