चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने लिंगानुपात सुधार के लिए वर्तमान में संचालित लाडली सामाजिक सुरक्षा योजना का दायरा बढ़ाते हुए 100 करोड़ रुपए के साथ हरियाणा कन्या कोष स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सोमवार को लिंगानुपात सुधार के लिए पिछले पांच वर्षों से आयोजित किए जा रहे मेरी बेटी मेरा गौरव-2015 के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लिंगानुपात सुधार पर उल्लेखनीय सहयोग देने वाली विभूतियों पर जैवलस ऑफ हरियाणा कॉफी टेबल पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि असंतुलित लिंगानुपात से सामाजिक संतुलन विफलता की ओर जाता है और यह पारिवारिक स्थिति प्रभावित करने का कारण भी बनता है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति व गरीब परिवारों की हर बेटी के जन्म पर ही 21000 रुपए राशि बैंक खाते में जमा करवाई जाएगी जो लडक़ी की आयु 18 वर्ष पूरी होने के उपरांत एक लाख रुपए बन जाएगी और राशि का उपयोग परिवार उसकी शादी व शिक्षा पर नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने में कारगर सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मार्च माह के अंत तक अपनी नई औद्योगिक नीति-2015 की घोषणा कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में उद्योग मैत्री वातावरण उपलब्ध करवाकर प्रवासी भारतीयों सहित उद्योग जगत से जुड़े जाने-माने औद्योगिक घरानों को प्रदेश में निवेश की ओर आकृ़षित करने पर ध्यान केंद्रित होगा। इसके लिए प्रक्रियाओं तथा 44 औद्योगिक कानूनों का सरलीकरण किया जा रहा है तथा ऑनलाइन पद्धति क्रियान्वित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मेरी बेटी मेरा गौरव संदेश पट्टिका पर आपकी बेटी हमारी बेटी-हमारी सोच वाक्यांश अंकित किया जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समारोह में इस बात से अवगत करवाया गया वर्ष 2011 की जनगणना के हरियाणा के असंतुलित लिंगानुपात के आंकड़ों को देखते हुए वर्ष 2012 से आरंभ किए गए मेरी बेटी मेरा गौरव अभियान के फलस्वरूप एक हजार लडक़ों के मुकाबले 879 तक पहुंच गया र्ह, जो 2011 में एक हजार के मुकाबले 834 लड़कियां का था। इस बात की भी जानकारी दी गई थी कि इस वर्ष प्रदेश के चार बड़े शहरों में विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसके तहत लड़कियों को प्रोत्साहित करने वाले अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा।