चंडीगढ़, 12 फरवरी(अभीतक न्यूज़)-हरियाणा में 13 फरवरी से 17 फरवरी 2013 के दौरान मौसम खुश्क परन्तु पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 फरवरी से 17 फरवरी के बीच आंशिक बादलवाई व गरज के साथ कहीं कही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान अधिकतम तापमान 19.0 से 23.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 6 से 9 किलोमीटर प्रति घंटा चलने की संभावना है।
संभावित मौसम की परिस्थितियों के अनुसार कृषि संबंधी सलाह देते हुए बताया कि गेहूं की फसल में 15 फरवरी से 17 फरवरी के बीच सिंचाई रोक लें। 15 फरवरी के बाद बारिश की संभावना को देखते हुए सरसों, चने व अन्य फसलों में दवाईयों का छिड़काव न करें। यदि आवश्यक हो तो मौसम साफ होने पर ही छिड़काव करें। बसंतकालीन गन्ने की फसल की बिजाई के लिए खेत में प्रति एकड़ 20-30 गाड़ी गोबर की खाद डालकर उसकी 4 से 5 बार जुताई करें और बिजाई करें।