चरखी-दादरी - पूर्व मुख्यमंत्री मास्टर हुकम सिंह की पार्थिव देह का शुक्रवार को दादरी के भिवानी-रोहतक बाईपास पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके पुत्र राजबीर फौगाट ने अंतिम संस्कार की क्रिया को अंजाम दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दुष्यंत चौटाला सहित कई मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक सहित बड़ी तादाद में इलाके के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री खट्टर ने इस मौके घोषणा की कि मास्टर हुकम सिंह के नाम पर चरखी-दादरी में स्मारक बनाया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री मास्टर हुकम सिंह का वीरवार को देर शाम गुडग़ांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। उन्हें करीब दो सप्ताह पहले रोहतक स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया था।
25 फरवरी को उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई से मेदांता अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। जहां वीरवार को उनका निधन हो गया। बीती देर रात पूर्व मुख्यमंत्री का शव चरखी-दादरी स्थित उनके निवास पर लाया गया था। अंतिम संस्कार स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर करीब 2 बजे अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचे।
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कैबिनेट मंत्री, विधायक व अनेक राजनीतिक लोग पहुंच गए थे। अंतिम संस्कार से पहले हरियाणा पुलिस के जवानों ने मातमी धुन बजाई और 3 राउंड गोलियां चलाकर सलामी दी।