ठियोग - ठियोग सहित पूरे प्रदेश के उन लोगों के लिए बी एस एन एल ने झटका दिया है जिन्होंने कि पुराने बी एस एन एल के स्टूडेंट प्लान के नम्बर लिए है। ऐसे लोगों को अब 40 पैसे प्रति मिनट काल लगेगी। पहले यह 35 पैसे थी। पूरे प्रदेश में नई काल दर शुरू हो गई है। इससे उपभोक्ताओं में निराशा की स्थिति है। विशेष तौर पर विद्यार्थी वर्ग खासा परेशान है। ठियोग के कई लोगों ने इस पर निराशा प्रकट करते हुए पहले की व्यवस्था बनाए रखने की बात कही है। ठियोग की देवरी घाट पंचायत के विद्यार्थी अक्षय ने बताया कि पहले ही बी एस एन एल की सेवाएं बदहाल है उपर से काल रेट बढ़ा दिए गए है।
अन्य विद्यार्थियों मोहन शर्मा, साहिल हेटा, सुनैना चौहान का कहना है कि उनके लिए अपनी पाकेट मनी में रिचार्ज करना मुश्किल हो रहा है। हालाँकि बी एस एन एल के अधिकारियों ने बताया कि इससे उपभोक्ताओं को कोई विशेष असर नहीं पड़ेगा। केवल पुराने स्टूडेंट प्लान के प्लान मेंचेंज हुआ है। नए प्लान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। पुराने प्लान में भी लोगों को दूसरी सुविधा दी गई है। इसके तहत 2 मनपसंद नंबर पर काल दर सस्ती की गई है। इसके लिए लोगों को अपने मैसेज बाक्स में जाकर एक्स पावर लिखने के बाद अपनी मर्जी के दो नंबर 53733 पर सेंड करने होंगे।
इस विषय में शिमला में डी जे एम सेल्ज पंकज आर्य से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुराने स्टूडेंट प्लान में कुछ परिवर्तन किया गया है। इसके अलावा इस प्लान में भी लोगों को अपनी मर्जी के 2 बी एस एन एल नंबर पर 20 पैसे प्रति मिनट काल की सुविधा दी गई है।