चंडीगढ़, 12 फरवरी(अभीतक न्यूज़)- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज बताया कि लोगों को सस्ती आवास सुविधा उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत राज्य में दो वर्षों में 1.30 लाख से अधिक नए मकानों का निर्माण किया जाएगा।
श्री हुड्डा आज यहां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, शहरी स्थानीय निकाय विभाग और हरियाणा आवास बोर्ड के आवास कार्यक्रम की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जहां आवास बोर्ड और शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा 40-40 हजार मकानों का निर्माण किया जाएगा, वहीं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा 50 हजार मकानों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने श्रमिकों और औद्योगिक कामगारों के लिए मकानों के निर्माण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिये ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।
बैठक में यह बताया गया कि राज्य के छः शहरों में मलिन बस्तियों के लिए आधारभूत संरचना और आवास सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 489.92 करोड़ रुपये की लागत की राजीव आवास योजना के तहत पायलट परियोजना प्रक्रियाधीन है। यह परियोजना स्वीकृति के लिए शीघ्र ही केन्द्र सरकार को भेजी जाएगी। इन शहरों में फरीदाबाद, रोहतक, गुड़गांव, अम्बाला शहर, अम्बाला सदर और यमुनानगर-जगाधरी शामिल हैं। इस योजना के तहत कुल लागत की 50 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
बैठक में आवास मंत्री श्री सतपाल सांगवान, मुख्य सचिव श्री पी के चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री छत्तर सिंह, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ के के खंडेलवाल, विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव श्री रामनिवास, वित्त विभाग के प्रधान सचिव श्री संजीव कौशल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।