शिमला - प्रदेश में मंगलवार से मौसम में फिर बदलाव आएगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते प्रदेश के निचले इलाकों में हल्की वर्षा और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए है। इसका प्रभाव 26 फरवरी तक रहेगा। बीते 24 घंटे में प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
रिकांगपीओ से रामपुर मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है लेकिन रिकांगपीओ-काजा मार्ग अभी भी बंद है। उधर, काजा के समीप ग्लेशियर गिरने से बीआरओ के जवानों के बाल बाल बचने की खबर है। भारी बर्फबारी के चलते गत दिवस काजा-किन्नौर मार्ग पर ग्लेशियर गिर गया था, जिसके चलते मार्ग आज दूसरे दिन भी बंद रहा।
मौसम के खुलते ही रविवार को लाहौल स्पीति के लिए हवाई उड़ाने शुरू हो गई है। आज उदयपुर और स्टींगरी से भंतर के लिए हेलिकॉप्टर की तीन उड़ाने हुई और बीमार और अन्य लोगों को हिमक्षेत्र से निकाला गया। धूप खिलने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ौतरी हुई है। केलांग में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 7.4 डिग्री रहा, कल्पा में माइनस 3.8 और मनाली में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।