रोहतक, 12 फरवरी। (अभीतक न्यूज़) आरक्षण जाटों का हक है तथा इसे हर हाल में हम लेकर रहेंगे। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने कहा है जब तक केंद्र सरकार जाटों को आरक्षण नहीं देती तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। 3 मार्च को गुडगांव के सेक्टर-32 स्थित छोटूराम भवन में राष्ट्रीय कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है जिसमें आगे की रणनीति तय की जायेगी।
ओ.पी. सिन्धु अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा सरकार ने जाटों के आरक्षण के मामले में समय पर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जिससे जाटों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर आरक्षण पाने के लिए पहले राज्य में आरक्षण लागू होने की शर्त होती है। हरियाणा में जाटों को आरक्षण मिलने से अब इसके लिए केंद्र के दरवाजे खुल गये हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह हमें केंद्र सरकार से भी आरक्षण चाहिये। गुडगांव में होने वाली विशाल कांफ्रेस की अध्यक्षता डॉ. बलराम जाखड़ करेंगे तथा मुख्य अतिथि के तौर पर राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सिन्धिया को आमंत्रित किया गया है। इस कांफ्रेंस में देश के सभी जाट सांसद व 14 राज्यों के जाट नेता भाग लेंगे तथा आगे की रणनीति तय करेंगे।