शिमला - शिमला के हालीलॉज के पास शरारती तत्त्वों ने एक निजी वाहन के शीशे तोड़ डाले। यह गाड़ी किसी पूर्व अधिकारी की है, जिसके शीशे तोड़े गए। यह काम किसने अंजाम दिया, इसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सदर थाना पुलिस इस तरह की किसी भी शिकायत से मना कर रही है, मगर बताया जाता है कि सुबह वहां पर पुलिस पहुंची थी।
यह घटना उस स्थान पर हुई है, जहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निजी आवास है। उनके निजी आवास के बिलकुल साथ सडक़ पर वाहन खड़ा था और उसके शीशे तोड़ दिए गए। इससे साफ है कि किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था यहां पर दी जा रही है, क्योंकि सीएम के आवास के नजदीक भी इस तरह की घटनाएं पेश आ रही हैं और कोई पकड़ में नहीं आ रहा। इससे पहले इसी क्षेत्र में कुछ दूरी पर एक वाहन को जला भी दिया गया था। उसका भी अभी तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
यही नहीं हालीलॉज के नजदीक यूएस क्लब में भी इससे पहले वाहनों के शीशे तोड़े जाने की घटना पेश आ चुकी है और पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी है। शहर में शरारती तत्व रात के अंधेरे में खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जाखू क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट्स भी पूरी तरह से नहीं जलती, जिसका फायदा शरारती तत्त्व उठा रहे हैं।