शिमला 11 फरवरी हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया ने शिक्षा क्षेत्र में उठाए गए विभिन्न पगों के लिए मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों की सराहना की है।
श्री पठानिया ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्व सरकार के कार्यकाल में डी-नोटिफाइड किए गए स्कूलों को पुन: आरम्भ करने तथा अगले शैक्षणिक सत्र 2013 से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क परिवहन सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार का यह निर्णय परिवहन का खर्च न वहन कर सकने वाले विद्यार्थियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। इसके अलावा, 149 स्कूलों को पुन: आरम्भ करने से विद्यार्थियों को उनके घर-द्वार के निकट शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने 12वीं पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत राज्य के लिए 22,800 करोड़ रुपये, जो गत पंचवर्षीय योजना से 65 प्रतिशत अधिक है, स्वीकृत करवाने में मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पीटीए शिक्षकों के नियमितीकरण के लिए नीति तैयार करने के लिए प्रभावी पग उठाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्णय की सराहना भी की है।
हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन को 450 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये करने के मुख्यमंत्री के निर्णय की सराहना भी की है। सरकार ने यह निर्णय कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वायदों के अनुरूप किया है, जिससे समाज के गरीब एवं पात्र वर्गों को लाभ होगा। सरकार ने पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को सरकारी नीति दस्तावेज के रूप में अपनाया है। उन्होंने माता और नवजात शिशु को अस्पताल से घर तक नि:शुल्क परिवहन सुविधा प्रदान करने के सरकार के निर्णय की भी प्रशंसा की।
श्री पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने लैंटाना घास को हटाकर पौधारोपण अभियान आरम्भ करने का भी निर्णय लिया है। सरकार के इस निर्णय से न केवल किसानों को राहत मिलेगी बल्कि वन क्षेत्र में भी वृद्घि होगी।